Monday, April 4, 2011


राडिया ने लगाए टेप से छेड़छाड़ के आरोप तो टाटा ने कहा, टेप में उनकी ही आवाज


नई दिल्ली।  2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला मामले में संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के सामने कॉरपोरेट लॉबिस्ट नीरा राडिया और उद्योगपति व टाटा समूह के चेयरमैन रतन टाटा की सोमवार को पेश हुई। बीजेपी नेता मुरली मनोहर जोशी की अगुवाई वाली समिति ने राडिया से टेप की गई उनकी बातचीत के संबंध में सवाल पूछे। सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक इस दौरान नीरा ने कहा कि उन्हें शक है कि उनकी बातचीत वाले टेप से छेड़छाड़ की गई है। जबकि रतन टाटा ने कबूल किया कि टेप में उनकी ही आवाज है।



पीएसी के सदस्य ने कहा, 'नीरा ने हमें बताया कि कुछ टेप असली हैं, जब कुछ के साथ छेड़छाड़ की गई है।' उन्होंने कहा कि नीरा से उस चिट्ठी के बारे में भी पूछा गया जो खबरों के मुताबिक रतन टाटा ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि को लिखी थी और उसमें उनकी तारीफ की थी।



राडिया ने अपने दो वरिष्ठ सहयोगियों-मनोज वारियर और यतीश वहाल के साथ पीएसी के सामने पेश हुईं। पूछताछ करने वाली समति के एक सदस्य ने कहा कि कई सवालों के जवाब में राडिया ने टालमटोल भरे जवाब दिए। सदस्य के मुताबिक राडिया ने कई सवालों के जवाब में कहा, 'मैं नहीं जानती। मुझे याद नहीं है।' पीएसी ने राडिया से करीब दो घंटे तक पूछताछ की।



टेप की गई बातचीत के हवाले से राडिया पर आरोप लगाया गया है कि वे यूपीए सरकार के दूसरे कार्यकाल में मंत्रियों के विभाग के बंटवारे को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं। टेप में कथित तौर पर राडिया की रतन टाटा और पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा के अलावा राजनीति, कॉरपोरेट दुनिया, नौकरशाहों और पत्रकारों के साथ बातचीत है। 2 जी घोटाले में सीएजी ने सरकारी खजाने को 1.76 लाख करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।



वहीं, रतन टाटा दोपहर 3 बजे के बाद लोकलेखा समिति के सामने पेश हुए। ऐसा माना जा रहा है कि रतन टाटा से समिति ने यह पूछा है कि जब टाटा टेलीसर्विसेज सीडीएमए तकनीक के बाज़ार के अहम खिलाड़ी थी, तब उन्हें जीएसएम मोबाइल सेवाओं में इतनी दिलचस्पी क्यों थी? इसके अलावा पीएसी ने उनसे एक सवाल के तहत पूछा कि क्या टाटा समूह अपने हित की खबरें छापने के लिए पत्रकारों से लेनदेन भी करता है? रतन टाटा ने सभी सवालों के जवाब खुलकर दिये और स्वीकार किया कि जिन टेपों की बात हो रही है, उनमें आवाज उन्हीं की है।



पीएसी ने रिलायंस कम्युनिकेशन के चेयरमैन अनिल अंबानी, एटीसलाट डीबी टेलीकॉम सीईओ अतुल जंब, एस-टेल सीईओ शामिक दास और यूनीटेक वायरलेस के एमडी सिव ब्रेक को मंगलवार को समिति के सामने पेश होने को कहा है।

Saturday, April 2, 2011

बॉलीवुड सितारों के चमचों को नहीं मिलेगी वानखेड़े में इंट्री


2 अप्रैल को मुंबई में होने जा रहे इंडिया-श्रीलंका के बीच क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में कई बॉलीवुड हस्तियां शिरकत करने जा रही हैं

इस मैच का लुफ्त उठाने के लिए आमिर खान,शाहरुख़ खान,सलमान खान,बच्चन परिवार,बॉलीवुड की अन्य बड़ी हस्तियां और साथ ही बड़े कॉरपोरेट्स स्टेडियम पहुंचेंगे




ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के सामने एक बड़ी चुनौती है कि इसमें कहीं से भी चूक न हो
इन बड़ी हस्तियों के साथ उनके निजी सुरक्षा कर्मी और कई आगे पीछे घूमने वाले कई चमचे भी साथ रहते हैं
मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसी इन लोगों को स्टेडियम में न घुसने देने का मन बना रही हैं




आतंकी हमले के मद्देनजर बगैर टिकिट और पहचान पत्र के बिना किसी को भी स्टेडियम में घुसने नहीं दिया जायेगा
वीवीआईपी हस्तियों के साथ आने वाले निजी गार्ड्स और बाउंसर्स को भी स्टेडियम में जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी
सिर्फ जेड प्लस सुरक्षा वाली वीवीआईपी हस्तियों को ही ऐसा करने की इजाजत मिलेगी
एक बहुत बड़ी सुरक्षा एजेंसी से जुड़े सूत्र ने कहा कि ताजा ख़बरों के मुताबिक आतंकी हमले होने की आशंका होने के मद्देनजर सेलिब्रिटीज को अपने निजी सुरक्षा गार्ड्स को स्टेडियम में साथ ले जाने कि अनुमति नहीं दी जाएगी




सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां को इस बात का अंदेशा पहले से ही कि आतंकी मैच में बाधा डालने के लिए मास्टर प्लान तैयार करे बैठे हैं
ऐसे में उन्होंने इससे निपटने के लिए एक सेल का गठन किया गया है जिसमें एक अलार्मिंग सिस्टम भी होगा
और बगैर पहचान पत्र दिखाए बिना अंदर जाने वाले के घुसते ही बज उठेगा
मुंबई पुलिस चीफ अरूप पटनायक ने भी यह बात साफ़ कर दी है कि चाहे कोई भी हो बिना टिकिट और पहचान पत्र के उसे स्टेडियम में घुसने नहीं दिया जाएगा


इन 6 कारणों से आज टीम इंडिया बन सकती है विश्‍व विजेता

इन 6 कारणों से आज टीम इंडिया बन सकती है विश्‍व विजेता


ई दिल्‍ली. क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले का कौन होगा विजेता ? भारत या श्रीलंका ? इसका जवाब आज रात मिल जाएगा, लेकिन संकेतों के आधार पर कहें तो ताज भारत के सिर ही सजेगा। इन 6 कारणों से आज वानखेड़े स्‍टेडियम में धोनी की सेना कर सकती है लंका फतह।



1. वानखेड़े का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक दिवसीय मैचों में भारत का रिकॉर्ड बढ़िया है। यहां भारत ने 14 मैच खेले और 8 जीते हैं। यहां भारत और श्रीलंका का दो बार मुकाबला हुआ है। दोनों ने एक-एक बार जीत हासिल की है। भारत ने श्रीलंका को 17 जनवरी 1987 में हराया था, लेकिन 17 मई 1997 में भारत को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह श्रीलंका को 1993 में वेस्ट इंडीज ने यहां हराया था, जबकि उन्होंने इस विश्व कप में न्यूजीलैंड को यहां हराया है।



2. श्रीलंका के खिलाफ सफल रहे हैं धोनी



महेंद्र सिंह धोनी की श्रीलंका के खिलाफ 31 अक्टूबर 2005 को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेली गई पारी सभी को याद है, जब उन्होंने श्रीलंका को धो दिया था। उन्होंने केवल 145 गेंदों पर 183 रन बनाए। धोनी को 2008 में भारतीय क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे के समय मैन ऑफ द सीरीज का एवार्ड भी मिला था। इसमें उन्होंने 5 मैचों में कुल 193 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 3 कैच लिए और 1 स्टंपिंग भी की। धोनी को तीन बार श्रीलंका के खिलाफ मैन ऑफ द मैच के खिताब भी मिले हैं।



इसके मुकाबले श्रीलंका के कप्तान कुमार संगकारा का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड औसत ही है। भारत के खिलाफ कभी भी उन्हें मैन ऑफ द सीरीज का खिताब नहीं मिला। भारत के खिलाफ वे केवल दो बार मैन ऑफ द मैच बने हैं।



संगकारा पर भारी धोनी की कप्‍तानी

प्रदर्शन और अनुभव के लिहाज से एक दिवसीय मैचों में कप्तान के रूप में महेंद्र सिंह धोनी संगकारा पर भारी हैं। उन्होंने कुल 93 एक दिवसीय मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 52 में भारत जीता है और 34 में हार का सामना करना पड़ा है। धोनी की सफलता का प्रतिशत 59.67 फीसदी रहा।



संगकारा का सफलता का प्रतिशत 58 फीसदी है। उन्होंने 36 मैच खेले हैं, जिसमें 21 जीते हैं और 12 हारे हैं। 3 बिना किसी निर्णय के समाप्त हुए हैं।



3. मददगार पिच



भारतीय टीम की बल्लेबाजी काफी मजबूत है औऱ यह पिच बल्लेबाजों को मदद करेगा। खासतौर पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को इसका लाभ मिलेगा। लेकिन दूसरी पारी में यह हल्का टर्न लेगी। भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह, युवराज सिंह आदि भी इस पिच पर सफल रह सकते हैं। मध्यम तेज गेंदबाजों के लिए पिच में ज्यादा उछाल नहीं है। केवल पहले के कुछ ओवरों में वे इसका लाभ ले सकते हैं।



4. घरेलू मैदान का लाभ



सचिन तेंडुलकर भारत को विश्व कप दिलाने के अपने सपने से केवल एक कदम की दूरी पर हैं। पूरी उम्मीद है कि अपने होम पिच पर वे निश्चित ही कमाल दिखाएंगे। वीरेंद्र सहवाग से भी हमेशा की तरह धमाकेदार शुरुआत की उम्मीद है। गौतम गंभीर फिट हैं, विराट कोहली और सुरेश रैना भी लय में हैं। इस विश्व कप में जहीर खान ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है और उनमें निरंतरता है। भारतीय खिलाडि़यों को घरेलू पिच पर खेलने का फायदा निश्चित मिलेगा।



5. सितारे भारत के पक्ष में



सितारे कह रहे हैं कि शनिवार को टीम इंडिया ही विश्व चैंपियन का ताज पहनेगी। मैच धनिष्ठा नक्षत्र में शुरू होगा जिसके स्वामी शनि हैं। इस दौरान महादशा में भी शनि में शनि का अंतर रहेगा। उज्‍जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक इस पूरी सीरीज में शनि भारत के पक्ष में रहा है। शनि की साढ़ेसाती में धोनी ने फाइनल तक का रास्ता तय किया है। यह शनि ही उनको विश्व विजेता बनाएगा।



संगकारा की कुंडली में चंद्र की महादशा में बुध का अंतर चल रहा है। चंद्र एवं बुध परस्पर शत्रु हैं यह उनके लिए नकारात्मक साबित हो सकता है। मैच के दौरान पांच ग्रहों की शनि पर सीधी दृष्टि होगी, जो कन्या राशि में वक्री होकर स्थित है। इससे भी भारत को बल मिलेगा। कप्तान धोनी को भी शनि की साढ़ेसाती का अंतिम ढैय्या चल रहा जो विशेष प्रतिष्ठा तथा नाम देकर जाएगा। साथ ही उन्हें राहु की महादशा भी है, जिसका तोड़ श्रीलंका के पास नही है।



श्रीलंका के कप्तान संगकारा की राशि मेष है तथा चंद्रमा उनकी राशि से बारहवां होने से उन्हें कोई फायदा नहीं होगा। मैच की शुरुआत के समय कर्क लग्‍न होगी जो भारत का पलड़ा भारी बनाती है। कर्क जो वर्तमान भारत के जन्म के समय की राशि है उस पर स्वराशिगत गुरु की पूर्ण दृष्टि है, जो उसके लिए भाग्यशाली होने के साथ ही विजेता का ताज पहनाने के लिए पर्याप्त है।



6. टीम इंडिया के साथ 60 गुना ज्‍यादा लोगों की दुआएं

बाकी देशों के प्रशंसकों की बात छोड़ भी दें तो टीम इंडिया के साथ अपने देश के सवा अरब लोगों की दुआएं हैं, जबकि श्रीलंकाई टीम के साथ मात्र 2 करोड़ लोगों की दुआएं (2009 में जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक श्रीलंका की आबादी 20,238,000) हैं।



आपकी राय



क्‍या आपको लगता है कि धोनी की सेना में लंका फतह करने का दम है? अगर हां तो क्‍यों और नहीं तो क्‍यों? बताएं। आप टीम इंडिया को अपनी शुभकामना भी दीजिए...

भारत-श्रीलंका में खिताबी भिड़ंत आज : टॉस बनाएगा बॉस







रिलेटेड आर्टिकल

1983 में कपिलदेव और 2011 में धोनी के ग्रह-नक्षत्र एक जैसे, बना सकते हैं विजेता

विश्व कप महामुकाबले में जीत के लिए चला हवन और प्रार्थनाओं का दौर, देखिए तस्वीरों में-

आज अनफिट नेहरा की जगह अश्विन को मिलना चाहिए मौका

संगकारा बोले- नहीं जीतने देंगे कप, धोनी का जवाब- अभी हमारा पूरा दम देखा कहां है

सटोरियों की नजर में धोनी ब्रिगेड ‘विश्व विजेता’